थत्यूड़ (टिहरी)। थत्यूड़ बाजार में लगे चार सीसीटीवी कैमरे लंबे समय खराब पड़े हैं। इससे बाजार में होने वाली गतिविधियों पर पुलिस और व्यापारी नजर नहीं रख पाते हैं। व्यापारियों ने क्षेत्रीय विधायक से नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
थत्यूड़ व्यापार मंडल अध्यक्ष अकवीर पंवार, जगत सिंह असवाल, दिनेश रावत ने बताया कि वर्ष 2017-18 में विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विधायक निधि से थत्यूड़ बाजार की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाएं थे। रख-रखाव व मरम्मत के अभाव में सीसीटीवी कैमरे खराब हो चुके हैं। बताया कई बार बाजार में चोरी की घटना घट चुकीं हैं। रात को लोगों के वाहन बाजार में ही खड़े रहते हैं, जिनसे कई बार वाहनों से तेल चोरी हो जाता है। सीसीटीवी के अभाव में पुलिस और व्यापारी बाजार में होने वाली गतिविधियों पर नजर नहीं पाते हैं। व्यापारियों ने बताया कि बाजार में विगत वर्षों में जिला पंचायत की ओर से पांच सौर ऊर्जा लाइटें लगाई थी। लेकिन धीरे-धीरे सभी लाइटें खराब पड़ चुकी हैं। लाइटों के खराब होने से रात को बाजार में अंधेरा पसर जाता है। व्यापारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष से बाजार में नई सौर ऊर्जा लाइटें लगाने तथा क्षेत्रीय विधायक ने नये हाईटेक सीसीटीवी लगाने की मांग की है। ताकि बाजार में चोरी आदि की घटनाओं पर नजर रखी जा सके। मांग करने वालों में कुलदीप असवाल, सुरेंद्र कोहली, राहुल, मिथिलेश चमोली, कपिल लेखवार आदि शामिल है।