लंबगांव-ऋषिकेश मार्ग पर बीती रात बौंसाडी गांव के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच लोग घायल हो गए। चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट रेफर किया गया है।
भदूरा पट्टी के भरपूरियागांव के लोग बीती रात बौंसाडी बरात से गांव लौट रहे थे। बौंसाडी गांव से कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना का पता लगने पर स्थानीय निवासी विजय रावत व राहुल रावत ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर 108 सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में भर्ती किया। दुर्घटना में वाहन चालक सोहन सिंह (22) पुत्र धनवीर सिंह, महादेव (22) पुत्र विक्रम सिंह, आजाद (21) पुत्र विजयपाल सिंह, राजीव (25) पुत्र शैलेंद्र सिंह, राजेश (26) पुत्र वीरेंद्र सिंह पंवार सभी भरपूरिया गांव निवासी घायल हो गए थे। डा. विमलनाथ ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल बौराड़ी से सोहन सिंह, आजाद, महादेव और राजीव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर जौलीग्रांट रेफर किया गया है।