ई-ऑफिस से सरल होगी आमजन की सेवा : डीएम
नई टिहरी। टिहरी जिले की नवनियुक्त जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि सीएम की एंटी करप्शन नीति के तहत अधिकारी-कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। मानसून सीजन में किसी प्रकार की आपदा से नुकसान कम हो, इसके लिए आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। डीएम ने ई ऑफिस को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएम ने प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ई ऑफिस से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। इससे आमजन की सर्विस भी सरल होगी और लाेगों को ऑफिसों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अधिकारी-कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करने को कहा गया है। योजनाओं का सरलीकरण कर अधिक से अधिक लोगाें को फायदा दिलाने का प्रयास रहेगा।
टीम वर्क के साथ काम कर विकास कार्य आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। डीएम ने कहा कि मानसून सीजन में आपदा से निपटने के लिए अलर्ट रहना होगा। जानमाल का नुकसान कम करने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखा जाएगा। उन्होंने जन प्रतिनिधियों और आमजन से भी अपील की है कि किसी तरह की आपदा व अन्य समस्या आने पर वह शीघ्र ही अपने नजदीकी तहसील, आपदा कंट्रोल रूम और डीएम कार्यालय को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास पर ध्यान केंद्रित कर उत्तरदायी पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक यहां आकर हमारे पर्यटन विकास में भागीदार बन सके।