रविवार रात चोरों ने जिला सहकारी बैंक शाखा का ताला तोड़ा। उन्होंने तिजोरी का ताला खोलने का भी प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो पाए।
शाखा प्रबंधक ने राजस्व पुलिस में चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार रात को ट्रक स्टार्ट रखते हुए चोरों ने बैंक शाखा की ग्रिल, शटर और फिर अंदर दरवाजे के ताले तोड़े। उन्होंने तिजोरी का ताला खोलने का भी प्रयास किया। तिजोरी का लॉक घुमाने का एक डंडा टूटा मिला। पड़ोस में रहने वाले सूरज ने बताया कि रात डेढ़ बजे वहां तीन ट्रक स्टार्ट खड़े थे। एक-दो लोग टायरों की जांच कर रहे थे। क्षेत्र के लाखीराम उनियाल, भागचंद रमोला, बुद्धि सिंह गुसाईं, देवचंद रमोला और सुंदर सिंह गुसाईं ने कहा कि प्रशासन से पुलिस चौकी खोलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। नायब तहसीलदार जगत सिंह धनोला ने कहा कि शाखा प्रबंधक की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की गई है। शाखा प्रबंधक राकेश पुरी का कहना है कि बैंक में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है।