नई टिहरी बीएसएनएल कार्यालय परिसर में सेवा बहाली की मांग को लेकर धरना देते। स्रोत जागरूक पाठक
आठवें दिन भी अनशन पर डटे रहे मोहन लाल
नई टिहरी। सेवा बहाली की मांग को लेकर बीएसएनएल कैजुअल एंड कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स फेडरेशन (संविदा कर्मियों) का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। मांग के समर्थन में 29वें दिन भी कर्मी धरने पर बैठे रहे। मोहन लाल आठवें दिन भी आमरण अनशन पर डटे रहे। कर्मियों के आंदोलन के चलते टिहरी जिले में बीएसएनएल की दूर संचार सेवाएं चरमराने लगी है। बार-बार नेटवर्क बाधित हो रहा है। जिस कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
टिहरी-उत्तरकाशी दूर संचार खंड से हटाए गए कर्मी बीएसएनएल कैजुअल एंड कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स फेडरेशन के बैनरतले सेवा बहाली की मांग को लेकर 25 अगस्त से आंदोलनरत है। मांग के समर्थन में वे प्रतिदिन बीएसएनएल कार्यालय परिसर में धरना कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। सेवा बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर बीएसएनएल कार्यालय के बाहर मोहन लाल 15 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं।
फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष नित्यानंद बहुगुणा ने कहा यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो कर्मी बीएसएनएल कार्यालय में तालाबंदी करने को बाध्य होंगे। धरना देने वालों में महेश डोभाल, सुशील बहुगुणा, शांति बहुगुणा, जयदेव रावत, मकान सिंह तड़ियाल, जयेंद्र पंवार, सुरेश तोपवाल, विनीत रावत शामिल रहे।