भिलंगना ब्लाक में नैलचामी पट्टी के जीआईसी डांगी में आयोजित क्विक रिस्पॉस टीम (क्यूआरटी) कैंप में 97 शिकायतें दर्ज कराई गई, जिसमें एसडीएम ने दो दर्जन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। अन्य शिकायतें डीएम और संबंधित अधिकारियों को भेजी गई।
बुधवार को जीआईसी डांगी में एसडीएम संदीप तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित क्यूआरटी कैंप में स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र की कई पेयजल लाइनें और सिंचाई नहरें क्षतिग्रस्त हैं। इस पर सिंचाई विभाग की ओर से बताया गया कि योजनाओं की मरम्मत के लिए शासन को डीपीआर भेजी गई हैं। ग्रामीणों ने कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए नैलचामी नदी के दोनों ओर सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की। बताया गया कि डांगी में बनाया गया पशु सेवा केंद्र 10 साल से विभाग को हस्तांतरित नहीं किया गया है। एसडीएम ने कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों को खाद व बीज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रमुख वसुमति घणाता, डीएफओ डा. कोको रोसे, युवा कल्याण अधिकारी डा. मुकेश डिमरी, समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान आदि मौजूद थे।