निजीकरण के विरोध में सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। वहीं हड़ताल की जानकारी नहीं होने से उपभोक्ता दिनभर भटकते रहे। वहीं पेंशन लेने के लिए पहुंचे बुजुर्गों को भी खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। हड़ताल से सबसे ज्यादा चमोली जिले में करीब 55, रुद्रप्रयाग में 50, टिहरी में दो, उत्तरकाशी में करीब पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा।
गोपेश्वर। चमोली जिले में बैंकों की हड़ताल से लोग खासे परेेशान रहे। जिले में करीब 55 करोड़ का लेनदेन प्रभावित रहा। गोपेश्वर के साथ ही जोशीमठ, पीपलकोटी, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर, गैरसैंण, पोखरी में बैंक शाखाएं पूरी तरह से बंद रहीं। पेंशन लेने के लिए पहुंचे पेंशनरों को भी हड़ताल से बैरंग लौटना पड़ा।
नई टिहरी। बैंकों के निजीकरण के विरोध में बैंक यूनियनों ने दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते जिलेभर के राष्ट्रीयकृत बैंकों पर ताले लटके रहे, जिससे ग्राहकों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। सोमवार को जिलेभर की करीब 78 राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहा। कर्मियों के दो दिन की हड़ताल पर चले जाने के कारण बैंकों पर ताले लटके रहे, जिससे सोमवार को लेनदेन नहीं हो पाया। लीड बैंक अधिकारी डीएस डुंगरियाल ने बताया कि बैंक कर्मियों की हड़ताल के चलते जिलेभर में करीब दो करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। संवाद
बैंकों से बैरंग लौटे लोग
कर्णप्रयाग/देवाल/गैरसैंण। निजीकरण के विरोध में सभी जगह बैंक बंद रहे। हड़ताल के कारण दूरदराज से पहुंचे उपभोक्ता खाली हाथ घर लौटे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंकों के निजीकरण के विरोध में सोमवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। मंगलवार को भी बैंक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। बैंक बंद होने से लोगों के आवश्यक काम प्रभावित हुए। गांवों से मनरेगा के मजदूर व पेंशनर बैंक पहुंचे, लेकिन बैंक में ताला होने से बैरंग अपने घरों को लौट गए। संवाद
बैंकिंग सेंटर निराश
पौड़ी/रुद्रप्रयाग। सोमवार को पौड़ी में एसबीआई, पीएनबी, केनरा सहित लगभग सभी बैंकों के कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल पर रहे। मंगलवार को भी बैंकों की हड़ताल जारी रहेगी। एसबीआई के मुख्य शाखा प्रबंधक रजनीश गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार दो बैंकों का निजीकरण करने जा रही है, जिससे बैंकिंग सेंटर में निराशा है। उधर, बैंकों की हड़ताल के कारण रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, मयाली, जखोली, खांकरा, घेंघड़खाल आदि जगहों पर गांवों से बैंक कार्यों के लिए आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। लीड बैंक अधिकारी एसके शर्मा ने बताया कि जिले में करीब 50 करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा। उन्होंने बताया कि अभी कर्मचारी मंगलवार को भी हड़ताल पर हैं, वास्तविक स्थिति बुधवार को ही पता चल पाएगी। संवाद
राष्ट्रीयकृत बैंकों में लटके रहे ताले
श्रीनगर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंकों के निजीकरण के खिलाफ राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। शहर में एसबीआई, पीएनएनबी एवं यूनियन बैंक आदि में कामकाज ताले लटके रहे। जिसके चलते बैंकों में लेन-देन के लिए आए ग्राहकों को बैरंग लौटना पड़ा। ब्यूरो
हड़ताल की सूचना न होने से परेशान रहे लोग
उत्तरकाशी। जिले में राष्ट्रीयकृत बैंकों की हड़ताल का सोमवार को व्यापक असर रहा। बैंक हड़ताल की जानकारी न होने से कई ग्राहक सुबह बैंक पहुंचे, लेकिन हड़ताल के संबंध में कोई भी सूचना चस्पा न होने से ग्राहक परेशान रहे। ऑल इंडिया ट्रेट यूनियन एटक के जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार बैंकों का निजीकरण कर रही है। दो दिनी हड़ताल के जरिये केंद्र सरकार के इस निर्णय का विरोध किया जाएगा। कहा कि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया, तो सभी बैंक कर्मी आंदोलन तेज करेंगे। लीड बैंक अधिकारी बीएस तोमर ने बताया कि हड़ताल से जिले में करीब चार करोड़ तक का कारोबार ठप रहा। संवाद