भिलंगना ब्लॉक के बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल का भवन निर्माण सेवा-टीएचडीसी के वित्तीय सहयोग से किया जाएगा। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर टीएचडीसी ने भवन निर्माण के लिए धनराशि देने की सहमति देते हुए डीपीआर तैयार करने के निर्देश पेयजल निगम चंबा को दिए। जल्द ही पेयजल एवं निर्माण निगम चंबा भवन निर्माण के संबंध में डीपीआर टीएचडीसी को भेजेगा, जिसके बाद भवन निर्माण के लिए टीएचडीसी से बजट मिल सकेगा।
ब्लॉक भिलंगना का बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल केमर क्षेत्र का उच्च शिक्षा के लिए एक मात्र संस्थान है, लेकिन लंबे समय से संस्थान के भवन की कमी बनी हुई है। भवन के अभाव में छात्रों को पठन-पाठन में दिक्कतें हो रही हैं। महाविद्यालय प्रबंधन लंबे समय से भवन, पुस्तकालय, शौचालय समेत अन्य निर्माण कार्य करवाने की मांग कर रहा था, लेकिन वर्षों बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा था। बीते 22 जनवरी को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में घनसाली के विधायक शक्ति लाल शाह की मांग पर महाविद्यालय का भवन निर्माण सेवा-टीएचडीसी के सामाजिक दायित्व से करवाने पर सहमति बनी थी। विधायक शाह ने बताया कि महाविद्यालय के भवन निर्माण पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे। टीएचडीसी ने भवन निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा है। डीपीआर तैयार होने के बाद टीएचडीसी से बजट मिल सकेगा और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।