थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाले अगलाड-थत्यूड़-अलमस मोटर मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है लेकिन पांच दशक से अधिक पुरानी सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पाया है। संकरी सड़क पर वाहनों की आवाजाही के चलते कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोग पिछले तीन-चार वर्षों से सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
नैनबाग से थत्यूड़-अलमस तक करीब 50 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण वर्ष 1970-72 के दौरान हुआ था। पांच दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी सड़क का विस्तार नहीं होने से बढ़ते यातायात के बीच आवागमन में दिक्कत हो रही है। मार्ग से जौनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ ही यमुनोत्री और गंगोत्री की यात्रा पर जाने वाले यात्री भी आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क की कम चौड़ाई के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य निधि बडियारी, अनीश कुमार, ग्राम प्रधान कुलबीर रावत, वासुदेव लेखवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम प्रकाश चमोली ने शासन-प्रशासन व संबंधित विभाग से सड़क के चौड़ीकरण की मांग की है।
ईई आदर्श गोपाल ने बताया कि शासन ने पांच वर्षीय कार्ययोजना मांगी थी। इसके तहत सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव वर्ष 2027-28 के लिए भेजा गया है। हालांकि, शासन से अभी चौड़ीकरण के संबंध में कोई आदेश नहीं मिला है। विधायक की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव आने पर उसे शीघ्र शासन को भेजा जाएगा।