प्रतापनगर के आधा दर्जन गांव के आवागमन को बने जुकांणी-भेलुंता-मांजफ मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल बनी है। ग्रामीण जानजोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए जल्द मार्ग की स्थिति में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रतापनगर के भेलुंता, खोलगढ़ वल्ला, पल्ला, मिश्रवाणगांव, खेत, थाला, मोलगा, देवल, मांजफ गांव को जोडने वाले 15 किमी जुकांणी-भेलुंता-मांजफ मोटर मार्ग का पीएमजीएसवाई ने निर्माण और डामरीकरण किया था, लेकिन कार्य की घटिया गुणवत्ता के चलते कुछ वर्षो में ही मार्ग का डामरीकरण, पुश्ते, नालियां क्षतिग्रस्त हो गए। मार्ग के शुरूआती आठ किमी किमी पर मानकों के अनुसार चौड़ाई न होने के कारण बड़े वाहन नहीं जा पाते हैं। वर्तमान में मोटर मार्ग का रखरखाव लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी के पास है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुरारी लाल खंडवाल ने बताया कि मार्ग के खस्ताहाल होने के कारण ग्रामीण जानजोखिम मेें डालकर सफर करने को मजबूर हैं, लेकिन लोनिवि मार्ग का डामरीकरण नहीं कर रहा है। लोनिवि के एई योगेश कुमार का कहना है कि जल्द ही मार्ग के डामरीकरण, कटिंग के लिए बजट हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।