जाखणीधार ब्लाक में मठियाली ग्राम पंचायत की खुली बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। ग्रामीणों ने कहा कि गांव वालों की जरूरत के अनुरूप ही योजनाओं का निर्माण किया जाए, जिससे लोगों को उसका लाभ मिल सके। महिलाओं ने कहा कि मनरेगा में ब्लाक स्तर से कृषि-बागवानी जैसे दीर्घकालीन कार्यों के प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति दी जानी चाहिए।
मठियाली ग्राम पंचायत की बैठक प्रधान बिमला राणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से गांव में बाढ़ नियंत्रण कार्य कराने, हॉज निर्माण, जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने, स्वयं सहायता के माध्यम से नर्सरी लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में एक पंचायत घर की जरूरत है। प्रधान विमला राणा ने कहा कि गांव के विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुषमा नौटियाल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी बीएल राज, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश आर्य, उद्यान निरीक्षक एनडी आर्य, छोटे लाल, रमेश लाल, सूरजभान, सोबन सिंह राणा, कृष्णा नंद और भगवती प्रसाद आदि मौजूद थे।