नई टिहरी। धनोल्टी इको पार्क समिति के सदस्यों ने लंबित बिलों का भुगतान नहीं होने और अन्य मांगों का निराकरण नहीं होने पर आक्रोश जताते हुए पार्क के प्रवेशद्वार पर धरना देकर प्रदर्शन किया, जिससे पार्क देखने पहुंचने वाले पर्यटकों को मायूस लौटना पड़़ा। बाद में रेंजर के लिखित आश्वासन पर 23 दिसंबर तक उन्होंने धरना स्थगित करने की घोषणा की।
इको पार्क समिति के सदस्यों ने पिछले तीन माह से मानदेय नहीं मिलने पर कड़ा आक्रोश जताया। समिति के सचिव मनोज उनियाल ने बताया कि एक साल से अधिक समय से अनुरक्षण बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। दैनिक जरूरतों, एडवेंचर, इको हट्स का सामान अन्य सहित विभिन्न अनुरक्षण मांगों पर विभाग ने कार्यवाही नहीं की है। इससे टिकट कक्ष पर हमेशा असुविधाओं के लिए पर्यटकों की नाराजगी झेलनी पड़ती है।
विरोध स्वरूप समिति के सदस्यों ने धरना देकर वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर मसूरी वन प्रभाग के जौनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी लाखीराम आर्य धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने समिति के सदस्यों मानदेय भुगतान व प्रभाग स्तर पर पुराने रुके हुए बिलों के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद समिति से जुड़े लोगों ने 23 दिसंबर तक धरना स्थगित कर दिया।
इस मौके पर कुलदीप नेगी, धीरज उनियाल, ज्योति बेलवाल, विजय राणा, जसपाल बेलवाल, रमेश दास, अब्बल दास, बीना देवी, बसंती देवी, सीमा चमोली, सोनू गौड़, अनिल उनियाल, महिपाल राणा, बचन दास, दुर्गेश उनियाल, प्रमोद बंगवाल, सुशील गौड़ आदि मौजूद रहे।