उपाध्यक्ष बोले, प्राधिकरण बोर्ड का हो चुका है गठन
उत्तरकाशी। भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल ने कहा कि अब प्राधिकरण में बोर्ड का गठन हो चुका है। इसके साथ ही सचिव पद पर आईएएस अधिकारी की तैनाती हुई है। जल्द ही प्राधिकरण की बैठक कर नियमों के पालन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके तहत नदी के 200 मीटर के दायरे में हो रहे निर्माण की निगरानी की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्राधिकरण को ढांचागत व्यवस्थाएं नहीं मिल पाई थी। इसलिए इसके नियमों का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा था। वहीं बजट के आभाव में कर्मचारियों की कमी भी बनी हुई है। लेकिन अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से प्राधिकरण को ढांचागत व्यवस्थाएं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इसका गठन भागीरथी नदी के किनारे निवास करने वाले लोगों के विकास के लिए किया गया है। जल्द ही सभी व्यवस्थाओं का लाभ आमजन को दिया जाएगा। नौटियाल ने कहा कि पिछले दिनों जनपद में रोटी पर थूक लगाने को जो मामला सामने आया है। वह बहुत ही निंदनीय है और ऐसे लोग प्रदेेश का माहौल खराब करना चाहते हैंं। इनको रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस प्रकार के कृत्य करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री महावीर नेगी मौजूद रहे।