ग्राम पंचायत ने लिया निर्णय, गांव के सार्वजनिक स्थलों और दुकानों में ताश खेलने पर लगाई रोक
घनसाली (टिहरी) । भिलंगना ब्लॉक के ग्राम पंचायत पाली की बैठक में ग्रामीण ने एक स्वर में गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि सार्वजनिक और मांगलिक कार्यों में अब शराब पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
पाली के ग्राम प्रधान वीरेंद्र नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 1 अप्रैल से गांव में सभी मांगलिक कार्यक्रमों शादी, मेहंदी, मुंडन, जन्मदिन, सालगिरह में कॉकटेल पार्टी पर प्रतिबंध रहेगा। रात्रि 12 बजे के बाद डीजे संचालित नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले परिवार पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया जाएगा। गांव के सार्वजनिक स्थलों, दुकानों में ताश, जुआ खेलने वालों पर भी ग्राम पंचायत जुर्माना लगाएगी। इस संबंध में प्रत्येक वार्ड में बैठक कर जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में भारत भूषण, ईश्वरी दत्त घिल्डियाल, विक्रम सिंह, मणीलाल, राजेंद्र सिंह, हरीश, भगवान सिंह, प्रीति देवी, सुषमा देवी, सुमित्रा देवी, श्रवणी देवी, सविता देवी, यशोदा देवी, गणेशी देवी, मुंगा देवी, कंचन देवी, कुसुम देवी, शांति देवी, शीला देवी, शौकिनी देवी, कमला देवी, रेखा देवी मौजूद थे।