सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में टिहरी जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। एनटीआईएस (न्यू टिहरी इंटरनेशनल स्कूल) के छात्र अखिल डंग ने 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉप किया है। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के उज्जवल पैन्यूली ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्र-छात्राओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। उन्होंने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने सफलता का श्रेय शिक्षकों और माता-पिता को दिया।
शुक्रवार अपराह्न को सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी हो गया। न्यू टिहरी इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंधक शालिनी जॉली और प्रधानाचार्य प्रवीन भट्ट ने बताया कि विद्यालय का हाईस्कूूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। सात छात्रों ने 95 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए। आयुषी भट्ट ने 95.2, खुशी चमोली और सार्थक सेमवाल ने 95.6 और कोमल जोशी ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। वहीं सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य गौतम बिष्ट, अनिल सेमल्टी और दाताराम जुयाल ने बताया कि सभी 64 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। आयुष भट्ट ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में दूसरा स्थान हासिल किया। मॉडर्न स्कूल चंबा में प्रधानाचार्य विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हाईस्कूल में सभी 87 बच्चे उत्तीर्ण हुए। 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली ऋचा चौहान पहले स्थान पर रही। केंद्रीय विद्यालय सौड़ खांड के प्राचार्य प्रदीप थपलियाल ने बताया कि हाईस्कूल का परिणाम 97 फीसदी रहा। 92.6 प्रतिशत अंकों के साथ अदिति ने स्कूल टॉप किया है। केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी के प्राचार्य एसएस जयाड़ा, परीक्षा प्रभारी मनोज धीमान ने बताया कि 10वीं की परीक्षा में सभी 76 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। प्रांजल ने 88.2 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल टॉप किया। जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल के प्राचार्य आदेश कुमार शर्मा, उप प्राचार्य आएस बिष्ट ने बताया कि परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। हिमानी रावत ने 96.6, कृष्णा पंवार 95.4, और आयुष सरियाल 95 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल में अव्वल रहे।