कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत बगरधार में बनाई गई नई मंडी का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह मंडी किसानों की आय दोगुनी करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही मंडी की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी कर मंडी से विपणन शुरू किया जाएगा। सोमवार को कृषि मंत्री उनियाल ने नौ करोड़ 29 लाख 55 हजार की लागत से निर्मित नवीन कृषि मंडी का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि अब किसान अपनी उपज को बिचौलिए के बजाए सीधे कृषि मंडी में बेचकर वाजिब दाम हासिल कर सकेंगे। मंडी में नौ कोल्ड स्टोरेज, हॉल और कई दुकानें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत टिहरी जिले में अदरक की फसल को चयनित किया गया है। मंडी बनने से अदरक के काश्तकारों को भी लाभ मिलेगा। कृषि मंत्री ने कहा कि एक माह में मंडी को सूचीबद्ध करने के बाद सचिव की नियुक्ति कर दी जाएगी। उसके बाद कृषि मंडी में विपणन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार और ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी आदि मौजूद थे।