लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर की भदूरा पट्टी के पोखरी गांव में ग्रामीणों के आराध्य खड़कनाथ देवता के नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत पूजा-अर्चना और भंडारे के साथ संपन्न हुई। करीब 20 साल बाद ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया।
प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर मंदिर में रात्रि जागरण आयोजित किया गया। इसके बाद मंदिर का शुद्धीकरण कर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में शामिल प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप चंद रमोला ने कहा कि खड़कनाथ देवता का मंदिर क्षेत्रवासियों की धार्मिक आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर मंदिर का पुनर्निर्माण कराया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रविंद्र डिमरी, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष युद्धवीर राणा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भान सिंह नेगी, पूर्व बीडीसी सदस्य हरि प्रसाद डिमरी, कार्यक्रम संयोजक सिरताज सिंह रावत मौजूद रहे।