जिला खनिज फाउंडेशन न्यास प्रबंध समिति की बैठक लेते हुए डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि न्यास के चालू खाते में 30 जून तक आठ करोड़ 12 लाख की धनराशि अंशदान के रूप में जमा हुई है। पूर्व में 66 लाख की देनदारी के बाद अब सात करोड़ 46 लाख की धनराशि खाते में है। 60 फीसदी धनराशि उच्च प्राथमिकता वाले कार्यों पर और शेष धनराशि अन्य कार्यों पर खर्च की जानी है। इस वित्तीय वर्ष में न्यास को 105 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
शनिवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि खनिज न्यास की धनराशि को जिले के विकास में खर्च किया जाना है। बताया कि उन प्रस्तावों को ही न्यास से धनराशि मिलेगी, जो अन्य किसी योजना से आच्छादित न हो। अब तक 38 प्रस्तावों को समिति ने स्वीकृत किया है। अन्य प्रस्तावों के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को दोबारा जांच और औचित्यपूर्ण आख्या देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने ईई जल संस्थान सतीश चंद्र नौटियाल को समिति के सदस्य के रूप में शामिल करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ नमामी बंसल, सदस्य सचिव/उपनिदेशक भू-वैज्ञानिक दीपेंद्र सिंह चंद, ईई आरडब्ल्यूडी युवराज सिंह, ऊर्जा निगम के ईई राकेश कुमार, सिंचाई बिजेंद्र सिंह, डीईओ बेसिक एसएस बिष्ट, एसीएमओ डा. दीपा रूवाली, संजय खंडूड़ी उपस्थित रहे।