जीआईसी धनोल्टी में कला वर्ग की मान्यता भी मिले
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की उमड़ी भीड़
नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की खूब भीड़ दिखी। दूर-दराज से आए लोगों ने जमीन का मुआवजा, पेयजल, आपदा, संचार सुविधा और सड़क से हुए नुकसान का मुआवजा देने सहित कई समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। डीएम नितिका खंडेलवाल ने कई समस्याओं का समाधान कर अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में सकलाना मरोड़ा से आए प्रदीप सिंह ने विवाहित बहन की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। केपार्स के प्रधान संजय लाल शाह ने छतियारा रोड से केपार्स में बने खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा दीवार लगाने की गुहार लगाई। धनोल्टी में गोठ गांव के प्रधान लाखीराम चमोली जीआईसी धनोल्टी में कला वर्ग की मान्यता दिलाने की मांग की।
जाखणीधार के कफलना निवासी कलम सिंह पंवार ने अंजनीसैण - कफलना सड़क निर्माण से मकान और आंगन को नुकसान का मुआवजा देने की मांग की। टिहरी तहसील के ग्राम रियूंटी निवासी गजेंद्र उनियाल ने आवासीय भवनों के लिए खतरा बने चीड़ के पेड़ों हटाने की मांग की। रौलाकोट के दिनेश सिंह रौलाकोट - सांदणा मार्ग से आवासीय भवन अधिग्रहण की स्थिति साफ करने, राज्य आंदोलनकारी नरेंद्र सिंह राणा ने गोरण मे आवंटित भूखंडों पर कब्जा दिलाने की मांग की।
जाखणीधार के ग्राम नंदगांव निवासी वीरेंद्र दत्त ने सहखातेदार को निकटतम वारिश घोषित करने की मांग की। दरबार में जमीन, पेयजल, पेंशन और मुआवजा आदि की 66 लोगों ने शिकायतें दर्ज कर समाधान की गुहार लगाई। इस मौके पर सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति आदि मौजूद थे।