पर्यटन अधिकारी ने तिलक लगाकर बस को दिखाई हरी झंडी
लंबगांव (टिहरी)। सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत प्रतापनगर ब्लॉक के सिलाड़ा, मुखमाल गांव व गौड़पुर गांव के 32 बुजुर्ग यात्री को बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने यात्रियों का तिलक कर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पर्यटन अधिकारी राणा ने कहा कि तीर्थाटन योजना के अंतर्गत प्रतापनगर के तीन गांवों के 13 पुरुष व 19 बुजुर्गों के दल को चार दिवसीय बदरीनाथ धाम यात्रा पर भेजा गया है। सरकार की तीर्थाटन योजना से बुजुर्गों को निशुल्क यात्रा करवाई जाती है। तीर्थयात्रियों के भोजन व रुकने के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृह में निशुल्क व्यवस्था की गई है।
यात्रियों के लिए बस की सुविधा उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से उपलब्ध करवाई गई है। यात्रा के लिए चार दिनों का समय निर्धारित किया गया है। पर्यटन विभाग की ओर से यात्रियों की देखरेख के लिए एक गाइड को भेजा गया है। पर्यटन अधिकारी ने लोगों से सरकार की योजना का लाभ उठाने को कहा। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मुखमालगांव नीमा देवी, ग्राम प्रधान सिलोड़ा पूजा देवी, प्रधान मुखमालगांव त्रिलोक सिंह राणा, मनोज बिजल्वाण, अंकित गौड़ आदि मौजूद थे।