जल जीवन मिशन के पानी का बिल आने से उपभोक्ता परेशान
कंडीसौड़ (टिहरी)। जल जीवन मिशन में एक रुपये में लिया गया पानी का कनेक्शन अब ग्रामीणों को भारी पड़ रहा है। दो-तीन साल का बिल एक साथ आने से घबराए उपभोक्ता पेयजल कनेक्शन काटने की मांग कर रहे हैं। थौलधार ब्लॉक में दड़माली ग्राम पंचायत के कौडू गांव में भी यह मामला सामने आया है। गांव में जलस्रोत का पानी पर्याप्त होने के कारण अब ग्रामीण जल जीवन मिशन से लिया गया पानी का कनेक्शन कटाने की बात करने लगे हैं।
जल जीवन मिशन में हर घर नल हर घर जल योजना के तहत दो-तीन साल पहले एक रुपये में घर-घर पानी के कनेक्शन दिए गए। तब ग्रामीणों को उम्मीद थी, कि एक रुपये में मिलने वाले कनेक्शन का उन्हें कोई बिल नहीं चुकाना पड़ेगा जिससे किसी ने कनेक्शन लगाने से इनकार भी नहीं किया। लेकिन अब जब दो-तीन साल का पानी का बिल एक साथ चार-पांच हजार रुपये आया तो ग्रामीणों के कान खड़े हो गए।
दड़माली के प्रधान सब्बल सिंह रावत ने बताया कि ग्राम पंचायत के कौडू नामे तोक में प्राकृतिक जलस्रोत का पर्याप्त पानी है, गांव के लोेग स्रोत के पानी का ही उपयोग करते हैं, वहां सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी है। 2024 में पेयजल योजना बनाते समय ग्रामीणों ने कनेक्शन लेने से इनकार कर दिया था लेेकिन ठेकेदार ने उन्हें भविष्य में इस कनेक्शन का कोई बिल नहीं पड़ने का झांसा देकर प्रत्येक परिवार को पानी का कनेक्शन दे दिया।
जिससे एक ही मकान में निवासरत दो-तीन भाइयों के आंगन में अलग-अलग कनेक्शन लग गए। दो-तीन साल का करीब पांच हजार रुपये एकमुश्त बिल आने पर ग्रामीण परेशान हो गए। उपभोक्ता प्यार सिंह थलवाल ने कहा कि गांव में जब स्रोत का पर्याप्त पानी है, तो वह पानी का बिल क्यों भरेंगे। उन्होंने कनेक्शन हटाने की मांग की है।
उपभोक्ताओं ने पेयजल कनेक्शन लिया है तो उन्हें बिल का भुगतान करना ही पड़ेगा। जो कनेक्शन नहीं रखना चाहता है वह बिल का संपूर्ण भुगतान कर कनेक्शन हटाने के लिए आवेदन कर सकता है।
- गिरीश चंद्र सेमवाल, सहायक अभियंता थौलधार।