नई टिहरी। माकपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना देकर मनरेगा में काम के दिनों की संख्या बढ़ाने, महंगाई पर प्रभावी अंकुश लगाने, कालेधन को लाने के लिए कड़े कदम उठाने सहित नौ सूत्री मांगों के संबंध में प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में धरना देकर केंद्र सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, कालेधन और बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश बढ़ाने और मनरेगा कानून में कटौती करने का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम को भेजे ज्ञापन में मनरेगा में काम के दिनों की संख्या बढ़ाकर शहरी क्षेत्र में भी लागू करने, महंगाई पर अंकुश लगाकर दवाईयों की कीमतों में कटौती, बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में बढ़ोत्तरी न करने, विदेशों में जमा कालेधन को वापस लाने, शिक्षा अन्य संस्थाओं में आरएसएस की दखल रोकने, लव जेहाद के नाम पर घृणा और सांप्रदायिक बढ़ावा न देने, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और अनुसूचित जाति के लोगों का उत्पीड़न रोककर उन्हें अधिकार देने की मांग की है। इस मौके पर जिला सचिव भगवान सिंह राणा, अर्जुन रावत, जोत सिंह नेगी, गोविंदराम भट्ट, श्रीपाल चौहान, विक्रम रावत, रतन सिंह रावत, राजपाल पंवार, गुलाब सिंह कठैत, दिला राणा, उर्मिला थपलियाल, सुनीता, कृष्णा, कमला मौजूद थी।