चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेजों की मनमानी विवि की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ रही है। निर्धारित तिथि बीत जाने के आठ दिन बाद भी चार बीएड कॉलेजों ने अपनी रिपोर्ट विवि प्रशासन को नहीं सौंपी है, जिससे विवि का बीएड परीक्षा कार्यक्रम अधर में लटका हुआ है। ऐसे चार बीएड कॉलेजाें के प्रबंधकों से विवि प्रशासन ने स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन कॉलेजों की मान्यता रद्द करने के लिए विवि अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी।
श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध 28 बीएड कॉलेजों ने सत्र 2013-14 में मैनेजमेंट कोटे की सीटों पर अभ्यर्थियों को स्वयं प्रवेश दिया था। लेकिन कालेजों की ओर से कितने छात्रों को प्रवेश दिया गया, इसकी रिपोर्ट विवि मेें जमा नहीं कराई गई थी। 16 अक्तूबर को विवि ने सभी कॉलेजों के प्रबंधकों की बैठक बुलाकर 20 अक्तूबर तक संपूर्ण पत्रावलियां उपलब्ध कराने को कहा था। 24 कॉलेज अब तक विवि को अपनी रिपोर्ट सौंप चुके हैं। लेकिन चार कॉलेजों ने अंतिम तिथि बीत जाने के आठ दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं दी है। सभी कॉलेजाें से रिपोर्ट नहीं मिलने पर विवि बीएड परीक्षा का कार्यक्रम घोषित नहीं कर पा रहा है। विवि के कुलसचिव डा. एके तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर चार कॉलेजों के प्रबंधकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद इन कॉलेजाें की मान्यता रद्द करने के लिए शासन को विवि अपनी रिपोर्ट भेजेगा।