नई टिहरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र नेताओं ने ईवनिंग कक्षाओं के छात्रों को प्रात:कालीन कक्षाओं में पढ़ने का मौका देने, यूजी, पीजी की कक्षाओं में प्रवेश, कालेज को श्रीदेव सुमन विवि का परिसर बनाने सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर अनशन शुरू कर दिया है।
बुधवार से कालेज परिसर में छात्रसंघ महासचिव विश्वजीत सिंह नेगी, पूर्व विवि प्रतिनिधि पर्वत कुमाईं ने समस्याओं को लेकर बेमियादी अनशन शुरू कर दिया है। आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि ईवनिंग कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं 15-20 किमी दूर से पढ़ने आते हैं। जिससे उन्हें शाम को आने-जाने में दिक्कत है। लिहाजा ऐसे छात्रों को सुबह की कक्षाओं में पढ़ने का मौका दिया जाए। महाविद्यालय को पीजी का दर्जा देने, कालेज को श्रीदेव सुमन विवि का परिसर बनाने, महाविद्यालय में बहुउद्देशीय हाल का निर्माण, यूजी, पीजी की कक्षाओं में प्रवेश देने, प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति, विषय परिवर्तन पर लगी रोक हटाने, विज्ञान संकाय के भवन में पानी की रिसाव की समस्या से निजात दिलवाने की मांग की है। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अर्जुन भंडारी, हितेश चौहान, प्रदीप रावत, मनोज उनियाल, संदीप भट्ट, प्रकाश राणा, आशीष श्रीयाल, निशा चौहान, याशमीन, प्रवीन आदि मौजूद थे।