नई टिहरी। जिला पंचायत भवन बौराड़ी में जिला सहकारी बैंक की 34वीं शाखा का शुभारंभ किया गया है। बैंक की शाखा खुलने से जिला पंचायत और नगर पालिका को लेन-देन में आसानी होगी। जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को जल्द भुगतान की भी सुविधा मिल सकेगी।
शनिवार को जिला पंचायत परिसर में नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल और प्रतापनगर के विधायक विक्रम नेगी ने बैंक शाखा का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। सहकारी बैंक खुलने से जिला पंचायत के साथ ही पंचायत के माध्यम से काम करने वालों श्रमिकों और नगर पालिका तथा अन्य लोगों को आहरण-वितरण की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य किसानों में बचत की आदत विकसित कर उन्हें सस्ते ब्याज दर पर खाद, बीज और कृषि उपकरण मुहैया कराना भी है। दूर-दराज के जो ग्रामीण क्षेत्र बैंकिंग की सुविधा से वंचित है, वहां मिनी बैंक की शाखाएं खोली जाएंगी। इस मौके पर बैंक के अध्यक्ष एवं प्रशासक रजनीकांत सुरीरा, पालिकाध्यक्ष उमेशचरण गुसाईं, जाखणीधार के ब्लाक प्रमुख जगदंबा रतूड़ी, कांग्रेस नेता विजय गुनसोला, बैंक के सचिव दीपक कुमार, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र दुमोगा, धन सिंह नेगी और मनरेगा के लोकपाल पदम सिंह नेगी आदि मौजूद थे।