टिहरी जिले में रविवार को 39 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में 431 एक्टिव केस रह गए हैं। सभी पॉजिटिव स्थानीय हैं और उन्हें कोविड केयर सेंटरों में आइसोलेट किया गया है। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि रविवार को नरेंद्रनगर ब्लॉक क्षेत्र में सर्वाधिक 24 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि देवप्रयाग में आठ, थौलधार में चार और भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र में तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। 197 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 3231 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। 97 लोग संस्थागत और 312 लोग होम क्वारंटीन में रखे गए हैं। उधर, चमोली जिले में रविवार को 16 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें जोशीमठ स्थित जल विद्युत कंपनी एचसीसी के चार मजदूर, घिंघराण गांव में तीन, गौचर बैरियर पर पांच और गोपेश्वर में चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में अब 175 एक्टिव केस हो गए हैं। वहीं देवाल ब्लॉक के सवाड़ गांव में एक ग्रामीण व दो मजदूर कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं गैरसैंण सीएचसी में 318 लोगों के सैंपल लिए गए।
सनेह और पदमपुर सुखरो की चार गलियां सील
कोटद्वार/पौड़ी। शनिवार देर शाम की रिपोर्ट में सनेह और पदमपुर सुखरो में आठ लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने दोनों क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए चार गलियां सील कर दी। रविवार को कोटद्वार क्षेत्र में 12 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि कोटद्वार के पदमपुर सुखरो क्षेत्र में एक महिला और दो युवक, प्रतापनगर क्षेत्र में एक युवती, रतनपुर कुंभीचौड़ क्षेत्र में एक युवक, लकड़ी पड़ाव क्षेत्र में एक युवक, हल्दूखाता क्षेत्र में दो वृद्धा, मवाकोट क्षेत्र में एक युवक और सतपुली क्षेत्र में तीन महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। उधर, पौड़ी तहसील प्रशासन ने पांच लोगों के कोरोना पॉजीटिव आने के बाद दो नए कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। एसडीएम सदर श्याम सिंह राणा ने बताया कि पुरानी जेल के समीप चौधरी भवन में एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित मिलने पर पूरा भवन सील कर दिया गया है।
ऊखीमठ में हफ्तेभर में आए 10 मामले
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर। रविवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 9 मामले आए हैं, जिसमें 6 संक्रमित ऊखीमठ के हैं। एसीएमओ डा. जितेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि संक्रमितों की कांटेक्ट व ट्रेवल हिस्ट्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, नगर पंचायत ऊखीमठ में बीते एक सप्ताह में कोरोना के 10 मामले आ चुके हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सचिन चौबे ने बताया कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कर उनके सैंपल लिए जा रहे हैं। उधर, श्रीनगर में एक कोरोना संक्रमित मिला। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि अभी तक कोविड अस्पताल में 430 संक्रमित भर्ती हैं।
तीन दिन से बाजार बंद, सब्जी व दूध की बनी किल्लत
गोपेश्वर। कोरोना के चलते तीन दिन से बाजार बंद है। शुक्रवार को तो कुछ सब्जी की दुकानें खुली थी, लेकिन शनिवार और रविवार को यह दुकानें भी बंद रही। सिर्फ मेडिकल स्टोर की खुले रहे। इससे बाजार में सब्जी आदि की किल्लत हो गई है। रविवार को बाजार के आसपास जो दुकानें खुली थी, पुलिस ने उनको बंद करवा दिया।
बाजार के कुछ व्यापारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने मुख्य बाजार के सभी व्यापारियों और उनके कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। बृहस्पतिवार को सैंपल भेजने के बाद से रिपोर्ट आने तक के लिए बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया, जिसके चलते बाजार पूरी तरह से बंद है। रविवार को भी बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। सोमवार को बाजार पूरी तरह से खुल पाएगा या नहीं इस पर भी असमंजस बना हुआ है। वहीं, रविवार को 360 व्यापारियों व स्थानीय लोगों के कोरोना सैंपल लिए।