नई टिहरी। जिलाधिकारी वी षणमुगम ने मानसून सत्र को लेकर आपदा से निपटने की तैयारियों की समीक्षा। डीएम ने आपदा को लेकर बनाए गए आईआरएस की कई अधिकारियों को जानकारी न होने पर फटकार लगाई। उन्होंने जिले से लेकर तहसीलस्तर के अधिकारियों को आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम षणमुगम ने कहा कि बारिश के दौरान जिन स्थानों पर सड़कें बंद होती है, वहां जिम्मेदार अधिकारी जाकर सड़क खुलने की सही जानकारी लोगों से लेकर उन्हें उपलब्ध करवाएं। उन्होंने सीएमओ स्वास्थ्य केंद्रों पर जीवन रक्षक दवाई, पर्याप्त स्टाफ, एआरटीओ, पुलिस को वाहनों की फिटनेस चेकिंग, डीएसओ को सस्ते गल्ला की दुकानों में अतिरिक्त राशन, केरोसिन, ऊर्जा निगम को सब डिवीजनों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था, संचार निगम को टावर स्थलों पर कार्मिकों की तैनाती समेत कई निर्देश दिए। नायब तहसीलदार उपेंद्र बहुगुणा ने टिहरी झील के समीप टिपरी-मदननेगी रोपवे के समीप मदननेगी मोटर मार्ग को दोनों ओर क्रेश बैरियर व पैराफिट लगाने की मांग की। इस मौके पर सीडीओ आशीष भटगांई, एडीएम शिव चरण द्विवेदी, डीएफओ डा. कोको रोसे, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, एसडीएम अनुराधा पाल, फिंचाराम, रजा अब्बास, रविंद्र ज्वांठा, युक्ता मिश्रा, सीओ डीएस तोमर आदि मौजूद थे।