नई टिहरी। भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की महायोजना शीघ्र तैयार की जाएगी। टिहरी-उत्तरकाशी जिलों में भागीरथी नदी जलागम क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अब्बल सिंह बिष्ट ने कहा कि संबंधित विभागों से घाटी क्षेत्र के विकास के लिए विस्तृत ब्योरा मांगा गया है। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध के संपूर्ण जलागम और प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी विकास और समुचित प्रबंधन के लिए प्राधिकरण का गठन हुआ है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने मनेरी एक और दो परियोजना में गाद जमा होने पर अधिकारियों से इसका डाटा तैयार करने को कहा है। उन्होंने डोबरा-चांठी पुल निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।