चंबा (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग पर ऑल वेदर रोड निर्माण के तहत चंबा में बनाई जा रही सुरंग से कई आवासीय भवनों को खतरा पैदा हो गया है। सुरंग निर्माण स्थल के आस-पास आवासीय भवनों में दरारें पड़ने लगी है। जिससे लोग खासे भयभीत हैं। खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सुरंग का निर्माण कार्य बंद करवा दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी सुरक्षा का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता है, तब तक कार्य शुरू नहीं करने दिया जाएगा।
ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग पर चंबा में बाईपास बनाने के लिए कुछ माह पहले सुरंग का निर्माण कार्य शुरू किया गया। लेकिन सुरंग निर्माण के शुरूआती चरण में ही सुरंग के ठीक ऊपर मठियाण गांव के दो आवासीय भवनों और खेतों में दरारें पड़ने लगी है। इससे लोग दहशत में हैं। स्थिति यह है, कि एक खेत में कई मीटर गहरी खाई बन गयी है। दरार पड़ने से भयभीत ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सुरंग निर्माण का कार्य रुकवा दिया है। उन्होंने कहा कि सुरंग बनने के बाद ही इस तरह दरारें पड़ रही है। सुरंग का निर्माण आगे किया जाता है,तो किसी खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता है। कार्य बंद कराने की सूचना पर देर शाम बीआरओ और निर्माणदायी एजेंसी के अधिकारी मौके पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। गांव के देव प्रकाश कोठियाल और जगदीश प्रसाद ने बताया कि सुरंग के कारण उनके मकान के आंगन तक दरार पड़ गई है। उन्होंने कहा कि मकानों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने दिया जाएगा। इस मौके पर सोहनवीर सजवाण, शक्ति प्रसाद जोशी, सावित्री देवी, वृहस्पति देवी, सुनीता देवी, राकेश, दर्शन लाल कोठियाल आदि मौजूद थे।
इनका क्या है कहना
सुरंग के ऊपर गांव में दरार पड़ने की अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। मौके की रिपोर्ट तलब करने के बाद कुछ कहा जा सकता है।
यश श्रीवास्तव, कमान अधिकारी बीआरओ।