चंबा (टिहरी)। एएफसीआई एचएम कालेज की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली के समापन पर उत्तीर्ण छात्राओं को डिप्लोमा के साथ नियुक्ति पत्र भी दिए गए। बालिकाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने के लिए एएफसीआई एचएम कालेज पिछले दो साल से 10 छात्राओं को होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा कोर्स मुफ्त में करा रहे हैं। शुक्रवार को कालेज के छात्रों ने तल्ला चंबा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। उसके बाद संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा पर जोर दिया गया। संस्थान के निदेशक नितिन कुलियाल ने कहा कि आज के समय में बेटियां किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में इस साल भी 10 गरीब छात्राओं को निशुल्क डिप्लोमा कोर्स कराया जाएगा। इच्छुक छात्राएं 15 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। इस मौके पर रामप्रकाश पेटवाल, जितेंद्र सिंह पंवार, नवीन डोभाल, शैलेंद्र पंवार आदि मौजूद थे। ब्यूरो