नई टिहरी। टिहरी बांध विस्थापित शूरवीर सिंह गुसाईं की विस्थापित क्षेत्र पथरी में तीन माह पूर्व हुई हत्या की जांच सीबीआई से करवाने समेत क्षेत्र की अन्य कई समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने समस्याओं का जल्द निराकरण न होने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रतापनगर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में ढुंगमंदार और धारमंडल के ग्रामीणों ने एडीएम से मुलाकात कर सीएम को ज्ञापन भेजा। कहा कि घोंटी गांव के शूरवीर सिंह हरिद्वार पथरी में विस्थापित हुए थे, लेकिन शूरवीर सिंह 24 मार्च को पथरी स्थित घर से किसी काम के लिए निकले थे, लेकिन लापता हो गए और आठ अप्रैल को शूरवीर का शव मिला। परिजन लगातार हत्या की आशंका व्यक्त कर हत्यारोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन हरिद्वार पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। उन्होंने सीएम को घटना की सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही लंबे समय से अधर में लटके म्यूंडा मोटर मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने एडीएम और लोनिवि के ईई केएस नेगी से मुलाकात कर वर्षों से सड़क का निर्माण अधर में छोड़ रखा है। लोनिवि ईई ने 23 जून से पहले मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू करने का भरोसा दिया। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष खुशी लाल, मदन सिंह मिश्रवाण, किशन सिंह रावत, अरविंद खरोला, मैताब सिंह, नेत्र सिंह, रमन सिंह, पृथ्वी चंद रमोला, जबर कंडियाल, धनपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद थे।