नरेंद्रनगर (टिहरी)। फकोट ब्लाक मुख्यालय में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में बिजली, पानी और पेंशन के मुद्दे छाए रहे। सदस्यों ने सदन में उठाई गई समस्याओं का समय पर निदान करने की मांग की। बैठक में पहुंचे कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इन पांच साल में सभी सदस्यों ने गांवों के विकास के लिए बेहतर प्रयास किए हैं, जिससे नरेंद्रनगर ब्लाक विकास कार्यों में प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है।
बृहस्पतिवार को फकोट में ब्लाक प्रमुख विनीता बिष्ट अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में अधिकतर सदस्यों ने पेयजल संकट से निजात दिलाने और पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। सदस्यों ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण गर्मी में ग्रामीणों को हर साल पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। सीडीओ आशीष भटगाईं ने समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी, मंजू देवी, मंगल सिंह, मीना देवी, विजयलक्ष्मी, विक्रम सिंह, ममता देवी, ईश्वरी प्रसाद बिजल्वाण, शूरवीर सिंह गुसाईं, कमल सिंह रावत और सुरेश उनियाल आदि मौजूद थे।