चंबा/नई टिहरी। टिहरी क्रांति के जननायक श्रीदेव सुमन की जयंती उनके पैतृक गांव जौल में धूमधाम से मनाई गई। शहीद के परिजन और आसपास के ग्रामीणों ने सुमन स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया।
श्रीदेव सुमन स्मृति एवं सांस्कृतिक विकास समिति की ओर से गोष्ठी का आयोजन किया गया। राड्स संस्था के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने सुमन के अविस्मरणीय कार्यों को याद करते हुए कहा कि श्रीदेव सुमन ने लोगों की समस्याओं को अपना समझकर अपने प्राणों की बाजी लगाई। उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। लोक कलाकार पदम गुसाईं और रवि गुसाईं ने श्रीदेव सुमन के जीवन पर गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर मस्तराम बड़ोनी, खुशीराम उनियाल, अनिल बड़ोनी, शक्ति जोशी, कीर्ति सिंह बिष्ट, राजेश सेमवाल, प्रदीप कोठारी, गीता आदि मौजूद रहे।
नई टिहरी सुमन पार्क में जन सरोकारों से जुड़े लोगों ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार विक्रम बिष्ट, इसरार अहमद फारूखी आदि उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यालय में भी श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके कार्यों को याद किया गया। इस मौके पर सूरज राणा, दर्शनी रावत, देवेंद्र नौडियाल आदि उपस्थित रहे।
श्रीदेव सुमन के विचारों को आगे बढ़ाने पर जोर
रुद्रप्रयाग। श्रीदेव सुमन की 104वीं जयंती पर जन अधिकार मंच की ओर से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार श्याम लाल सुंदरियाल ने कहा कि टिहरी की जनता को राजशाही से मुक्त कराने में श्रीदेव सुमन का अभूतपूर्व योगदान रहा था। मंच के अध्यक्ष मोहित डिमरी ने श्रीदेव सुमन को उत्तराखंड का भगत सिंह बताया। सह सचिव राय सिंह रावत और राय सिंह बिष्ट ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने देश आजादी के साथ ही टिहरी राजशाही के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंका। इस मौके पर केपी ढौडियाल, कृष्णानंद डिमरी, देवेंद्र चमोली, सत्यपाल नेगी, रमेश नौटियाल, परमानंद गौड़, केशव नौटियाल, कल्पेश्वर नौटियाल मौजूद थे।
छात्रों को किया समाज हित में कार्य करने को प्रेरित
उत्तरकाशी। श्रीदेव सुमन की जयंती पर शनिवार को गोस्वामी गणेशदत्त इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने श्रीदेव सुमन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए सभी छात्र-छात्राओं को समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। स्वजल के पर्यावरण विशेषज्ञ लोकेंद्र चौहान ने सभी को जल व पर्यावरण स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र सक्सेना, नेमचंद चंदोक, जयेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र पंवार, सुशील शर्मा आदि मौजूद रहे।
श्रीनगर। राजशाही के खिलाफ संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति देने वाले श्रीदेव सुमन की जयंती पर प्रजामंडल पार्टी की ओर से विचार गोष्ठी आयोजित की गई। पार्टी संयोजक समीर रतूड़ी ने कहा कि राजशाही के खिलाफ हुए आंदोलन में प्रजामंडल के रूप में नौजवानों ने अहम भूमिका निभाई थी। अध्यक्ष विमला नेगी ने कह कि वर्तमान में पहाड़ की अस्मिता और पहचान खतरे में है। इस मौके पर सत्यनारायण सेमवाल, खेम सिंह चौहान, सुशीला बिष्ट, नंदा नेगी, हेमंती देवी, गुड्डी देवी, खिला नेगी, सूरज नेगी व सुमित आदि मौजूद थे।