चंबा (टिहरी)। चंबा-सौंदकोटी मोटर मार्ग पर एक कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बीती रात को कार तल्ला सौंदकोटी गांव से बादशाहीथौल आ रही थी। सौंदकोटी के समीप कार में सवार तीनों लोग कार खड़ी कर शौच जाने के लिए उतरे। कार ढलान में खड़ी होने से आगे बढ़ी और कार के आगे खड़े सौंदकोटी गांव निवासी बीरबल सिंह नेगी (42) पुत्र रघुवीर सिंह नेगी कार की चपेट में आने से घायल हो गए। कार उसे रौंदते हुए सीधे नीचे जा गिरी। सूचना पर चंबा थाने से एसआई जितेंद्र कुमार और 108 सेवा मौके पर पहुंची। घायल बीरबल सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी लाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।