कंडीसौैड़ (टिहरी)। मौसम का तापमान बढ़ने के साथ ही चीड़ के जंगल भी आग से धधकने लगे हैं, लेकिन फायर सीजन में अलर्ट रहने की बात करने वाले वन विभाग के कर्मचारी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे कई हेक्टेअर जंगल जलकर राख हो रहे हैं। सोमवार को सुबह के समय ही यहां थौलधार ब्लॉक मुख्यालय के पास में झटुल्या नाम के जंगल में आग लग गई, लेकिन वन विभाग के कर्मचारी कहीं नजर नहीं आए। जिससे आग बेकाबू होते हुए शाम चार बजे करीब चार किमी दूर घमतपा और रिखोड़ीखाल के जंगल तक फैल गई। इससे क्षेत्र में चारों तरफ धुआं फैल गया। लोगों का कहना है कि जंगल गर्मियों में हर वर्ष आग की चपेट में आ जाते हैं, लेकिन अभी तक आग लगाने वाले असामाजिक तत्व पकड़ में नहीं आते हैं। रेंज अधिकारी आशीष डिमरी ने कहा कि वन सरपंच और वन कर्मी वनाग्नि पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।