नई टिहरी। सीबीएसई के 12वीं कक्षा के परिणाम में जिला मुख्यालय के न्यू टिहरी इंटरनेशनल स्कूल पैन्यूला सिरमौर बना। विद्यालय के छात्र शिवांशु डोभाल ने 97 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप किया है। इसी स्कूल के मुकुल रावत ने 95.6 फीसदी और अमीषा वर्मा ने 95.4 प्रतिशत अंक लाकर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल की नेहा डंगवाल ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा और सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के आकाश भंडारी ने 93.6 फीसदी अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। अधिकांश स्कूलों का परीक्षा परिणाम शतप्रतिशत रहा।
न्यू टिहरी इंटरनेशल स्कूल में कुल 79 छात्र-छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी और सभी उत्तीर्ण रहे। स्कूल के तीन छात्र-छात्राओं ने जिले की मेरिट में सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल की। प्रधानाचार्य प्रवीन भट्ट और प्रबंधक शालिनी जॉली, संजय जॉली ने छात्रों को शुभकामनाएं दी। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल ढुंगीधार में 68 छात्र-छात्राओं में 67 छात्र उत्तीर्ण रहे। दो छात्रों ने 90 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल किए। प्रधानाचार्य गौतम बिष्ट और अनिल सेमल्टी छात्रों को भविष्य की बधाई दी। केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी के प्राचार्य आरएम लखेड़ा, चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि सभी 49 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण रहे हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल के प्राचार्य एसके तिवारी ने बताया सभी 43 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। केंद्रीय विद्यालय सौडख़ांड के प्राचार्य पीसी थपलियाल ने बताया कि स्कूल के सभी 11 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार में 22 छात्र-छात्राओं में से 17 उत्तीर्ण हुए हैं। ब्यूरो