चंबा (टिहरी)। स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में आउटसोर्सिंग से तैनात सुरक्षाकर्मियों की पुनर्नियुक्ति, सेमेस्टर परीक्षा परिणाम की त्रुटियों को दूर करना और स्क्रूटनी फार्म के परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने परिसर के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर खुद को परिसर निदेशक कार्यालय परिसर में कैद किया, जिससे परिसर के शिक्षक-कर्मचारी मुख्य गेट से अंदर प्रवेश नहीं कर पाए। तालाबंदी के कारण कई विषयों की सेशनल परीक्षाएं भी नहीं हो पाई।
स्वामी रामतीर्थ परिसर के छात्र नेताओं ने सुरक्षा कर्मियों को जल्द बहाल करने के साथ ही स्क्रूटनी फार्म के परीक्षा परिणाम घोषित करने और सेमेस्टर परीक्षा परिणाम में हुई त्रुटियों को दूर करने की मांग को लेकर कई छात्र नेता परिसर गेट के अंदर चले गए गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे शिक्षक- कर्मचारी मेन गेट के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए। प्रभारी निदेशक प्रो. सुनीता गोदियाल ने छात्रों को काफी मनाने की कोशिश की, लेकिन छात्र समस्याओं का निराकरण लिखित में देने की मांग पर अड़े रहे। निदेशक ने कहा कि मांगों पर विवि स्तर से ही निर्णय लिया जाना है। सूचना पर थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा और राजस्व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। परिसर प्रशासन की देर शाम तक चली बैठक में भी कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। मांगों को लेकर छात्र नेता अक्षत बिजल्वाण दूसरे दिन भी आमरण अनशन पर डटे रहे। तालाबंदी करने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष अंकित सजवाण, सचिन सजवाण, प्रदीप सजवाण, बृजेश खाती, जयेंद्र रावत, अनिल लेखवार, सुमित रावत, दिनेश तड़ियाल आदि शामिल थे।