चंबा (टिहरी)। सुरकंडा मंदिर क्षेत्र में सी-बैंड डॉपलर रडार स्थापित किए जाने का मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया है। उनका कहना है कि जिस जगह पर रडार लगाया जा रहा है, वहां मेले में देव डोलियां एकत्रित होती हैं और भंडारा भी लगाया जाता है। आसपास कोई जगह नहीं होने से रडार लगाने पर देवी भक्तों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जबरन काम शुरू किया जाता है, तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मौसम का सटीक पूर्वानुमान लगाने के लिए सुरकंडा मंदिर क्षेत्र में मौसम विभाग की मदद से डॉपलर रडार लगाया जाना है। सुरकंडा मंदिर के पास रडार स्थापित करने के लिए मंगलवार को जब कार्यदायी संस्था वहां काम शुरू कराने पहुंचे, तो मंदिर समिति के सदस्य, जड़धार गांव, सौड़ और पुजाल्डी के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताते हुए काम शुरू नहीं करने दिया। मंदिर समिति के प्रबंधक उत्तम सिंह जड़धारी और सामाजिक कार्यकर्ता विजय जड़धारी ने बताया कि जहां रडार लगाया जा रहा है, उस जगह पर दशकों से मेला लगता है। देव डोली एकत्रित होने के साथ ही वहां भंडारा भी लगता है। उस जगह पर रडार स्थापित किया जाता है, तो भविष्य में श्रद्धालुओं को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। विरोध जताने वालों में एसएस जड़धारी, जितेंद्र सिंह नेगी, बिजेंद्र सिंह, सुंदर सिंह, जीत सिंह, विनोद जड़धारी आदि शामिल थे।
सुरकंडा मंदिर के पास जिस जगह पर डॉपलर रडार स्थापित किया जाना है, वह जगह मंदिर समिति की नहीं है। रडार मौसम की सटीक जानकारी देने के लिए जनहित में लगाया जा रहा है। इसके लिए बहुत कम जमीन की जरूरत है। एसडीएम को भेजकर मंदिर समिति और ग्रामीणों से वार्ता की जाएगी।
-सोनिका, डीएम टिहरी।