नई टिहरी। अमर उजाला अपराजिता अभियान के तहत न्यू टिहरी इंटर नेशनल स्कूल पैन्यूला में पुलिस की पाठशाला आयोजित की गई। छात्राओं को यातायात नियमों और साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में घटित होने वाले महिला अपराधों पर रोक लगाने के लिए छात्राओं की निर्णायक भूमिका होनी चाहिए। महिलाएं ही देश के भविष्य को उज्ज्वल कर सकती हैं। इसलिए यह आवश्यक हो जाता है कि यातायात और साइबर नियमों के बारे में जागरूक रहें।
कोतवाली निरीक्षक चंदन सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए ही है, लेकिन नागरिकों का भी कर्तव्य बनता है कि यातायात नियमों का पालन करें। सबसे पहले तो सड़क पर चलते हुए सड़क के बाएं तरफ चले। बाइक पर दो से अधिक लोग न बैठें। साथ ही बाइक पर चलते समय हेलमेट पहनना आवश्यक होता है। इससे न केवल यातायात के नियमों का पालन होता है, बल्कि स्वयं की सुरक्षा भी होती है। सोशल नेटवर्किंग साइट पर अपनी फोटो, व्यक्तिगत पहचान और पता सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां कभी भी अपलोड न करें। क्योंकि आपकी पहचान का लोग गलत प्रयोग कर सकते हैं। यदि कोई महिला, छात्रा हिंसा का शिकार हो जाती है, तो अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने में पुलिस व कानून का सहारा लेना होगा। तभी समाज में महिला अपराधों में निश्चित रूप से कमी आएगी।
प्रधानाचार्य प्रवीन भट्ट ने कहा कि जागरूकता ही हमारी सबसे बड़ी सुरक्षा है। सभी लोगों को साइबर क्राइम के बारे में जानकारी होनी चाहिए। घर से स्कूल और स्कूल से घर जाते वक्त यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। साइबर क्राइम में लोग धोखाधड़ी कर छल पूर्वक आपका मोबाइल नंबर, एटीएम नंबर और पिनकोड पूछकर बैंक खाता हैक कर राशि हड़प लेते हैं। इस मौके पर शिक्षक संजय डबराल, विपिन रमोला, यजुवेंद्र चौहान, प्रमोद आदि उपस्थित रहे।