नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि सत्र की 2019-21 बीएड की प्रवेश परीक्षा 16 जून को आयोजित की जाएगी। राजकीय महाविद्यालयों और स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेजों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा होगी। प्रवेश परीक्षा की कट ऑफ मेरिट के आधार पर ही छात्र-छात्राओं को स्टेट और मैनेजमेंट कोटे की सीटों का आवंटन किया जाएगा। इस वर्ष बीएड में 200 सीटें कम हो गई है।
श्रीदेव सुमन विवि इन दिनों सत्र 2019-21 की बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की तैयारियों में जुटा है। परीक्षा फार्म भरने के लिए विवि ने 22 मई तक ऑन लाइन पंजीकरण करने और 25 मई को शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की है। 16 जून को गढ़वाल मंडल के कॉलेजों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही विवि प्रशासन स्टेट और मैनेजमेंट कोटे की सीटों का आवंटन करेगा।
विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि बीएड का सत्र निर्धारित समय पर शुरू हो इसके लिए प्रवेश परीक्षा संपन्न होने के 20 दिन के अंतर्गत परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। ताकि 20 जुलाई तक काउंसिलिंग की सभी औपचारिकता पूरी कर प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। विवि के सहायक परीक्षा नियंत्रक डा. हेमंत बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष 3200 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। पिछले सत्र में 3400 सीटें निर्धारित थी, लेकिन इस बार देहरादून के दो स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेज बंद होने से सीटों की संख्या कम हो गई है।