चंबा (टिहरी)। ऋषिकेश-चंबा हाईवे पर सेम-मुखेम से ऋषिकेश जा रही एक बस आमसेरा के पास सड़क पर ही पलट गई, जिससे बस में सवार 25 यात्रियों में से छह लोग चोटिल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत सामान्य बताई गई है।
थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार प्रतापनगर के सेम-मुखेम से ऋषिकेश जा रही बस शाम को करीब तीन बजे आमसेरा के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार लोग किसी तरह बाहर निकले। पुलिस के मुताबिक बस चालक ने बताया कि स्टेयरिंग लॉक होने के कारण बस पलट गई। दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार 25 लोगों में से स्वाति पुत्री राम सिंह पंवार निवासी बादशाहीथौल चंबा, बालेंद्र सेमवाल पुत्र सुखदेव प्रसाद निवासी सेम-मुखेम, सरोजनी पत्नी जगदीश प्रसाद चौदहबीघा ऋषिकेश, प्रभा तिवारी पत्नी संपूर्णानंद तिवारी निवासी तिवारी मार्केट चंबा, रोजीत पुत्र करूमत निवासी मोहनपुर बिहार को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को खाड़ी स्थित एक निजी क्लीनिक के डा. आशीष डिमरी ने प्राथमिक उपचार दिया। उसके बाद सभी घायलों को चंबा सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक ने सभी खतरे से बाहर बताया है, जबकि बस में सवार अन्य लोगों को दूसरे वाहनों से ऋषिकेश भेजा गया है।