चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि की सत्र 2019-21 की बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए ऑन लाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विवि प्रवेश परीक्षा गढ़वाल मंडल के सात जिलों में कराएगा। विवि ने सत्र 2019-20 के लिए क्रीड़ा-सांस्कृतिक कैलेंडर तैयार करने के लिए समिति भी गठित की है।
श्रीदेव सुमन विवि की 2019-21 सत्र की बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए मंगलवार से ऑन लाइन आवेदन प्रारंभ हो गए हैं। ऐसे में बीएड में दाखिला लेने वाले परीक्षार्थी 21 मई तक अपना आवेदन कर सकते हैं। विवि से संबद्ध 28 स्ववित्त पोषित और सात राजकीय कालेजों की 3500 सीटों पर गढ़वाल मंडल के परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विवि के प्रभारी परीक्षा नियंत्रक दिनेश चंद्रा ने बताया कि नकल विहीन परीक्षाएं कराने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और उड़नदस्तों का गठन किया जाएगा। बताया कि प्रवेश परीक्षा गढ़वाल मंडल के सात जिलों में आयोजित की जाएगी। जिस जिले के परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होगी, वहां पर एक से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा संबंधी सभी जानकारियां विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। सहायक परीक्षा नियंत्रक डा. हेमंत बिष्ट ने बताया कि विवि की खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए क्रीड़ा सांस्कृतिक कैलेंडर बनाने के लिए समिति का गठन कर लिया गया है।