नई टिहरी। बिना अनुमति के जनसभा करने पर टिहरी विधायक धन सिंह नेगी को सहायक निर्वाचन अधिकारी रविंद्र जुवांठा ने नोटिस जारी किया है। उन्हें 24 घंटे के अंतर्गत जवाब देने का समय दिया गया है। एआरओ जुवांठा ने बताया कि मंगलवार को टिहरी विधानसभा के साबली गांव के पंचायत भवन में विधायक नेगी ने बिना अनुमति के जनसभा की है। उनकी फेसबुक वाल से मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति ने कार्यक्रम की फोटो निकालकर शिकायत दर्ज की है। एआरओ ने बताया कि यह चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मामला है, इसलिए उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है।