नई टिहरी। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चोपड़ा के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, जौनसारी और हिंदी फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि जाखणीधार के एबीईओ धनवीर, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष चंद्रवीर नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्कूलों में उच्च प्रशिक्षित स्टॉफ होने के बावजूद छात्र संख्या घटना चिंताजनक है। छात्र संख्या बढ़ाने के लिए अधिकारियों और शिक्षकों को कार्य योजना बनाकर कार्य करना चाहिए। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू किए। छात्राओं ने चैता की चैतवाल्या, बाजू रंगा रंग बिचारी, मेरी गाजिणा गढ़वाली, जौनसारी, पंजाबी डांस, हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी।
लोकसभा चुनाव के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। बच्चों ने अभिभावकों को आवश्यक रूप से मतदान की अपील की। प्रधानाध्यापिका मंजू उनियाल ने स्कूल की प्रगति रिपोर्ट पढ़ी। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ जाखणीधार के मंत्री विजेंद्र पंवार, रोशन लाल शाह, विक्रम सजवाण, दीपक डोडी, अंजू रावत आदि मौजूद रहे।