कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के मजखेत, क्यारी, चापडा, घियाकोटी, लालूरी गांव के विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने के लिए 25 किमी की दूरी तय करनी पड़ रही है। उपभोक्ताओं ने ऊर्जा निगम से बिल जमा करने के लिए घोन में दो दिवसीय शिविर लगाने की मांग की है। मजखेत के गोपाल सिंह, कुंदन सिंह, प्रेम सिंह, उत्तम दास व चैत सिंह ने ऊर्जा निगम के ईई को भेजे ज्ञापन में कहा है कि बिल जमा करने के लिए उन्हें 25 किमी दूर कंडीसौड़ आना पड़ता है। वाहन सुविधा के अभाव में कई बार वह निर्धारित समय पर बिल जमा नहीं कर पाते हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए प्रत्येक दो माह में दो दिन बिल जमा करने के लिए घोन में शिविर लगाया जाए। ऊर्जा निगम के ईई शीशपाल सिंह राणा उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।