घनसाली (टिहरी)। बीते दिन से गुमशुदा चल रही एक महिला को पुलिस ने एक युवक के साथ घनसाली के एक होटल से बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। सोमवार को उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। महिला बीते दिन ससुराल से मायके के लिए घर से निकली थी, जब वह रात तक मायके नहीं पहुंची तो महिला की सास ने थाने में गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच पड़ताल में पुलिस को महिला के मोबाइल की लोकेशन घनसाली में मिली, जिस पर पुलिस ने होटलों में चेकिंग अभियान चलाया। अपराह्न के समय महिला एक होटल में अल्मोड़ा सल्ट निवासी अमित बोरा के साथ मिली। थानाध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि दोनों को हिरासत में लिया गया है, जिन्हें सोमवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।