घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के सिल्यारा गांव में इन दिनों पांडव लीला की धूम मची हुई है। क्षेत्र की सुख समृद्धि और अच्छी फसलों की पैदावार की कामना को लेकर पांडल लीला का मंचन किया जा रहा है। पांडवों और कौरवों के बीच युद्ध का दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।
ग्राम प्रधान शूरवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रत्येक वर्ष गांव में पौराणिक पांडव लीला का मंचन फरवरी और मार्च में किया जाता है। जिसमें पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की परंपरा मुख्य है। ग्रामीणों के अनुसार स्वर्ग जाने से पहले भगवान श्रीकृष्ण के आदेश पर पांडव अपने अस्त्र-शस्त्र पहाड़ में छोड़ कर मोक्ष के लिए स्वर्गारोहणी की ओर चले गए थे। जिन स्थानों पर यह अस्त्र छोड़ गए थे उन स्थानों पर विशेष तौर से पांडव लीला नृत्य का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष पांडव नृत्य में जौनपुर ब्लॉक की ढोल वादक ऊषा देवी खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आमतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में ढोल वादन पर पुरुष वर्ग का एकाधिकार रहता है लेकिन ऊषा देवी ने अब ढोल वादन को अपने व्यवसाय में शामिल कर नई पंरपरा की शुरुआत की है। बड़ी संख्या में लोग पांडव लीला का मंचन देखने सिल्यारा गांव पहुंच रहे है।