नई टिहरी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर डीएम सोनिका ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्हें ईवीएम मशीन और वीवीपैट का डेमो दिया। उन्होंने मतदाताओं के लिए जारी टोल फ्री नंबर 1950 की जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव संबंधी किसी भी जानकारी के लिए इस पर संपर्क कर सकते है। कहा कि चुनाव आचार संहिता की ऑन लाइन शिकायत के लिए सी-विजिल और न्यू सुविधा मोबाइल एप का प्रयोग किया जा सकता है।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों को चुनाव आचार संहिता की जानकारी दी गई। डीएम ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों, घरों पर चस्पा राजनैतिक दलों के नेताओं की फोटो, पंपलेट, फ्लैक्स सभी हटाए जाएंगे। 11 अप्रैल को जिले के 927 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे हैं। जिले की छह विधानसभाओं में टिहरी, प्रतापनगर, घनसाली और धनोल्टी टिहरी लोकसभा, नरेंद्रनगर और देवप्रयाग गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में है। जिले को 22 जोन और 95 सेक्टरों में बांटा गया है। चुनाव के लिए कंट्रोल रूम, मीडिया सेंटर भी स्थापित किया गया है। 94 बूथों पर वेब कास्टिंग की जाएगी। 23 मतदान केंद्रों पर कनेक्टिविटी के लिए सेटेलाइट फोन का इस्तेमाल किया जाएगा। वरिष्ठ कोषाधिकारी रोमिल चौधरी ने बताया कि चुनाव में कोई भी पार्टी और प्रत्याशी 10 हजार रूपए से अधिक का नकद लेन देन नहीं कर सकेगा। इस मौके पर एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत, एडीएम शिवचरण द्विवेदी, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरूणेश पैन्यूली, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, महामंत्री विनोद रतूड़ी, मंडलध्यक्ष रामलाल नौटियाल, कांग्रेस प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, नवीन सेमवाल, सीपीएम के जिला सचिव जगमोहन रांगड़, भाकपा के जयप्रकाश पांडेय, बसपा के सुशील पांडेय आदि मौजूद रहे।