नई टिहरी। छात्र-छात्राओं के दैनिक जीवन में योग को उतारकर निरोग मन मस्तिष्क बनाने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा अभियान की ओर से जिलास्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बालक-बालिका वर्ग में नरेंद्रनगर ब्लाक प्रथम रहा।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में समग्र शिक्षा अभियान की ओर से आयोजित योग ओलंपियाड का जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एसएस बिष्ट और डायट के प्रभारी प्राचार्य एके सिंह ने शुभारंभ किया। समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक ज्ञान प्रकाश सिलस्वाल ने बताया योग को छात्रों के दैनिक जीवन में उतारने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई है। बताया कि प्रत्येक ब्लाक से चार-चार बालिका, बालिकाओं के ग्रुप बनाए गए थे, जिसमें छात्र-छात्राओं ने प्रणायाम, आसान, मुद्राएं और क्रियाओं का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में नरेंद्रनगर प्रथम, कीर्तिनगर द्वितीय, जाखणीधार की टीम तृतीय रही। बालिका वर्ग में नरेंद्रनगर पहले, चंबा दूसरे और कीर्तिनगर तीसरे स्थान पर रही। एसएमसी के प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि प्रत्येक ब्लाक से प्रतिभागियों के साथ एक-एक गाइड टीचर ने भी ओलंपियाड में शिरकत की। डा. वीर सिंह रावत, जितेंद्र नेगी, देवेंद्र भंडारी और कृष्ण भूषण पेटवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।