नई टिहरी। टिहरी बांध की झील में लगातार कम हो रही मछलियों की संख्या को बढ़ाने के लिए मस्त्य विभाग ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। विभाग ने जलाशय विकास योजना के मछलियों के सरंक्षण और संवद्र्धन के लिए टिहरी बांध की झील में 80 हजार महाशीर मत्स्य बीज डाले हैं।
टिहरी बांध की झील में निरंतर मछलियों की संख्या घट रही है। खासतौर पर झील में महाशीर मछलियों की संख्या नाके बराबर है। विभाग ने हेंवल, बालगंगा, जलकुर नदी और जौरासी नाला से महाशीर के करीब 80 हजार बीज एकत्रित कर डाले हैं। थौलधार के कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार, तिवाडगांव के प्रधान नरेंद्र रावत समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने बीज डालकर इस पहल की सराहना की। केंद्रीय अनुसंधान संस्थान इलाहबाद डा. उपेंद्र सिंह कपरूवाण ने बीजों के सरंक्षण और संर्वद्धन के संबंध में कई जानकारियों दी। इस मौके पर जलाशय प्रभारी आमोद नौटियाल, निरीक्षक श्रवण कुमार, अनिल रावत आदि मौजूद थे।